इटवा (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी चाची व भतीजा में प्रेम संबंध होने के बाद दोनों शनिवार की रात घर से भाग गए। चाची-भतीजा के घर से भागने की खबर क्षेत्र में चर्चा का विषय है। परिवार वालों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। ग्रामीणों के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव के एक घर में दो भाई का संयुक्त परिवार रहता है। बड़े भाई के युवा पुत्र (20) व छोटे भाई की पत्नी (24) के बीच प्रेम संबंध कायम हो गया। परिवार के लोगों को जब दोनों के बीच संबंध के बारे में पता चला तो लोकलाज का हवाला देते हुए दूरी कायम करने को कहा, लेकिन दोनों ने इसे मानने से इनकार कर दिया। घर में कड़ाई होने के बाद चाची व भतीजा रात को किसी समय घर से भाग गए। पहले घरवालों ने खोजने की कोशिश की, नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। बताते हैं कि एक सप्ताह पहले ही लड़के का गौना हुआ है। इस संबंध मे एसआई रामेश्वर यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में है। घरवालों ने मौखिक सूचना दी है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी ।