पथरा बाजार (सिद्धार्थनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बनगवां प्रथम गांव में रविवार को बिजली के पोल में करंट उतरने से वृद्ध की मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में पत्नी व बेटी भी झुलस गईं। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बनगवां प्रथम निवासी बाबूराम साहनी (65) रविवार की अपराह्न कमरीब 3 बजे किसी काम से बाजार जाने के लिए घर से निकला। बाहर आते ही उसका पैर फिसल गया और लडख़ड़ाकर वह गिर पड़ा। इस दौरान उसका हाथ दरवाजे के पास लगे एलटी लाइन के बिजली पोल को सहारे के लिए बंधे तार में स्पर्श हो गया। बारिश के चलते पोल में करंट उतरने से बाबूराम उसकी चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर पत्नी आरती (55) व पुत्री मंद्रावती (18) बचाने के लिए लपकी तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। मौके पर आस-पास के लोगों ने लकड़ी-बांस के जरिए तीनों को पोल से छुड़ाया। तब तक बाबूराम की मौत हो चुकी थी। आरती व मंद्रावती को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने सूचना देकर पथरा फीडर से बिजली आपूर्ति बंद कराई। घटना की जानकारी यूपी-100 को भी दे दी गई है।