खेलकूद एवं व्यावसायिक शिक्षा मंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताईं।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। सूबे के खेलकूद एवं व्यावसायिक शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी चेतन चौहान ने ने बृहस्पतिवार को कहा कि आईटीआई में अनुदेशक के रिक्त पदों पर जल्द ही आउट सोर्सिंग के जरिए भर्ती की जाएगी। मंत्री ने कहा कि तीन हजार अनुदेशकों की भर्ती का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है। जल्द ही इस पर फैसला हो जाएगा।
चेतन चौहान बृहस्पतिवार को विकास भवन के अंबेडकर सभागार में मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के एक साल की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए कौशल विकास सरकार की प्राथमिकता है। प्रत्येक 15 किमी पर कौशल विकास केंद्र खोलने की कोशिश जारी है। सरकार ने मित्र एप तैयार किया है, जिससे युवा नजदीकी कौशल विकास केंद्र की जानकारी हासिल कर उसका लाभ उठा सकेंगे।
चौहान ने बाढ़ से निपटने की तैयारियों के सवाल पर कहा कि अभी अप्रैल से जून तक का समय है, इससे पहले कार्य शुरू हो जाएंगे। ककरहवा-रुधौली एनएच की बदहाली के सवाल पर प्रभारी मंत्री का कहना था कि यह सड़क केंद्र सरकार के अधीन है। इसके निर्माण के लिए वह स्वयं कई बार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिल चुके हैं। वार्ता के दौरान डीएम कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।