आवेदन के लिए खुला पोर्टल, आवेदन कर सकेंगे किसान
जिले में 3238 किसान अबतक कर चुके हैं आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में धान खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। किसानों की सहूलियत के लिए ब्लॉक के हिसाब से 128 क्रय केंद्र बन गए हैं। इसके साथ ही विभाग की ओर से पोर्टल शुरू कर दिया गया है। अब तक 3238 किसान आवेदन कर चुके हैं। बिना आवेदन के किसान धान नहीं बेच पाएंगे। इसलिए अगर धान बेचना है तो किसान आवेदन कर सकते हैं। इससे उनका नंबर पहले आ सकेगा।
धान और गेहूं की खरीद में बिचौलिया राज खत्म करने के लिए शासन की ओर से सरकारी क्रय केंद्रों को सक्रिय करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत सरकारी केंद्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिससे किसान धान और गेहूं बेच सकें और उन्हें उसका वाजिब मूल्य मिल सके। इसके लिए विभागीय कवायद तेज हो गई है।
जिले में इस बार 128 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए केंद्र को ब्लॉकवार बांटा गया है। इसमें किसानों के करीब जो क्रय केंद्र होगा, वहां बेच सकेंगे। फिलहाल अभी तक जिले में खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं हुआ है। सरकार की ओर से किसानों की सहूलियत के लिए एक माह पहले ही आवेदन करने वाले पोर्टल को खोल दिया गया है। किसानों को आवेदन के लिए खतौनी, आधार और बैंक खाता नंबर के साथ ही आवेदन करते समय मोबाइल नंबर देना होगा।
कृषि विभाग के पोर्टल पर कहीं से भी आवेदन कर सकेंगे। आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अब तक 3238 किसान धान बेचने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। इस संबंध में जिला विपणन अधिकारी गोरखनाथ ने बताया कि क्रय केंद्र बन गए हैं। खरीद से जुड़ी अन्य तैयारी चल रही है।