वाणिज्य विभागाध्यक्ष के खिलाफ छात्र लामबंद
मांगों को लेकर छह सूत्री ज्ञापन सिद्धार्थ विवि के कुलपति को सौंपा
विद्यार्थियों की मांग में छात्रावास और आरओ पेयजल सुविधाएं शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
बर्डपुर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष के दुर्व्यवहार से क्षुब्ध होकर सोमवार को नारेबाजी की और छह सूत्रीय मांगपत्र कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे को सौंपकर कार्रवाई की मांग उठाई।
कुलपति को दिए ज्ञापन में छात्रों ने कहा है कि विश्वविद्यालय में दूर से आने वाले विद्यार्थियों को छात्रावास उपलब्ध कराया जाए, परिसर में छात्रों को आरओ के पानी की व्यवस्था की जाए, छात्रों ने विश्वविद्यालय में फ्रेशर पार्टी करने की अनुमति प्रदान किए जाने की मांग की। जिला मुख्यालय से विश्वविद्यालय तक बस चलवाने की मांग की है। वहीं, शिकायत है कि वाणिज्य विभागाध्यक्ष द्वारा आए दिन छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करना एवं कुछ भी पूछने या जानकारी मांगने पर अभद्रता के साथ पेश आना उनकी आदत -सी हो गई है। हमेशा अपमानित शब्दों का प्रयोग करते रहते हैं। छात्रों ने उक्त समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने का आग्रह कुलपति से किया है। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से महेंद्र प्रताप चौधरी, शाह मोहम्मद, सलमान खान, अजीत चौधरी, ध्वानित सिंह, संजय कान्दू, धीरेन्द्र यादव, शाहिद, अंकेश त्रिपाठी, आशीष जायसवाल, प्रभात अग्रहरि आदि शामिल रहे। कुलपति प्रो. सुरेन्द्र दुबे ने बताया कि छात्र शिकायत पत्र लेकर आए थे। कुछ समाधान तत्काल कर दिया गया। बाकी समस्याओं का भी समाधान हो जाएगा। छात्रों को कहीं किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए हर माह के 10 तारीख को कैंपस के छात्रों को मिलने एवं अपनी बात रखने का समय दिया गया है।