सिद्धार्थनगर। गोरखपुर के एक ज्वेलरी शोरूम में हुई चोरी के मामले में गोरखपुर पुलिस रविवार की देर शाम शोहरतगढ़ पहुंची। कस्बे के एक सराफा व्यापारी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। सूचना मिलते ही अन्य व्यापारी थाने में जुट गए। काफी विरोध के बाद देर रात पुलिस ने व्यापारी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। घटना को लेकर व्यापारी आक्रोशित हैं, वहीं लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
गोरखपुर के एक ज्वेलरी शोरूम में पिछले दिनों आभूषण चोरी हुए थे। गोरखपुर पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चोरी का माल शोहरतगढ़ के एक व्यापारी को बेचे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर रविवार शाम पहुंची गोरखपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस का सहयोग लेकर चौक बाजार मोहल्ले के एक सराफा व्यापारी को हिरासत में ले लिया। उसे थाने ले जाया गया। नगर के अन्य व्यापारियों को इसकी भनक लगी तो अनहोनी की आशंका में सभी थाने पर धमक पड़े। दर्जनों की तादाद में व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर ऐतराज जताया। देर रात तक व्यापारियों व पुलिस में बहस हुई। बाद में पुलिस ने व्यापारी को छोड़ दिया। इस संबंध में एसओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि गोरखपुर में एक ज्वेलरी शॉप पर हुई चोरी के प्रकरण में चोर के निशानदेही पर गोरखपुर पुलिस यहां आई थी। चोर ने स्थानीय व्यापारी को चोरी का सामान बेचने की सूचना दी थी, लेकिन पूछताछ में व्यापारी ने चोर को पहचानने से साफ इंकार कर दिया। बाद में गोरखपुर के व्यापारी से स्थानीय व्यापारी ने आपस में बातचीत कर मामला को रफा-दफा करा दिया। इसके बाद व्यापारी को छोड़ दिया गया।