जोगिया (सिद्धार्थनगर)। कोतवाली क्षेत्र के देवरा बाजार गांव निवासी बुजुर्ग की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। शनिवार सुबह मदुरा गांव के पास पानी में उसकी लाश मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग शुक्रवार की शाम वह अपनी बहन के घर जाने के लिए निकला था। वह पानी में कैसे डूबा इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बाढ़ से क्षेत्र का पोखरभिटवा गांव चारों तरफ पानी से घिरा हुआ है। बताते हैं कि देवरा बाजार निवासी जगदीश मिश्र (60) शुक्रवार की शाम पोखरभिटवा गांव स्थित अपनी बहन के घर जाने के लिए गांव से निकला था। शनिवार की सुबह बगल के मदुरा गांव के पास पानी में उतराती हुई लाश देखी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराई। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अवधेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पिता के दाह संस्कार में भी नहीं शामिल हो पाएगा इकलौता पुत्र
जोगिया। जगदीश मिश्र की मौत से हर कोई गम में है। घर पहुंचने वाले हर शख्स की आंखें नम थीं। घर पर यही चर्चाएं थीं कि इकलौता पुत्र राजेश सऊदी में है, ऐसे में पिता का दाह संस्कार कौन करेगा। पिता के दाह संस्कार में नहीं पहुंच पाने की बेटे को जीवनभर कसक रहेगी। लोगों के मुताबिक जगदीश के पास छह बेटी और एक बेटा था, जिसमें उन्होंने चार बेटियों की शादी कर दी थी। बेटे और दो बेटियों की शादी अभी करना था।