12 परीक्षा केंद्र मिले मानकविहीन
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए हैं 92 केंद्र
जांच में 12 केंद्र ऐसे मिले जहां चहारदीवारी है न सीसीटीवी कैमरा
13 फरवरी को जांच कमेटी भेजेगी रिपोर्ट, बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष बैठेंगे 48,011 परीक्षार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 12 केंद्र ऐसे पाए गए, जहां चहारदीवारी है न सीसीटीवी कैमरे। अन्य व्यवस्थाएं भी नहीं हैं। जांच में यह सामने आया है। अब इनकी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी। इसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।
कोरोना संक्रमण काल और पंचायत चुनाव की वजह से बोर्ड परीक्षा मई माह में होने की संभावना जताई गई थी। इस बीच हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की तैयारी तेज हो गई है। बोर्ड की ओर से 92 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते हुए सूची जारी कर दी गई। साथ ही केंद्रों की जमीन हकीकत की पड़ताल करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे। जांच से जुड़े अधिकारी के मुताबिक जारी की गई सूची में 12 परीक्षा केंद्र ऐसे पाए गए हैं जो बोर्ड के मानक के अनुरूप नहीं हैं। वहां पर निष्पक्ष परीक्षा करा पाना संभव नहीं है। जांच में इन केंद्रों पर चहारदीवारी नहीं है जो अनिवार्य है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा नहीं है। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, स्कूल तक पहुंचने के लिए उपयुक्त मार्ग नहीं है। ऐसे में इन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने से परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा होगा। अभी तो 12 केंद्र ऐसे पाए गए हैं। जांच करके रिपोर्ट भेजने के लिए विभाग के पास 13 दिन का वक्त है। अगर सही से जांच होगी तो अभी कई केंद्र मानकविहीन मिल सकते हैं। डीआईओएस अवधेश नरायन मौर्य ने बताया कि जारी हुई केंद्रों की सूची में 12 विद्यालय अभी तक मानक के अनुरूप नहीं मिले हैं। उनकी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी। उसके बाद ही परीक्षा केंद्र तय हो पाएगा।
मार्च माह के दूसरे पखवाड़े में हो सकती है परीक्षा
पंचायत चुनाव के अप्रैल माह में कराए जाने की बात सामने आने और बोर्ड की ओर से परीक्षा के संबंध में एक बार फिर तेजी करने से परीक्षा जल्द शुरू होने के आसार दिख रहे हैं। क्योंकि 13 फरवरी को रिपोर्ट बोर्ड को जाएगी। 25 फरवरी को परीक्षा केंद्र की फाइनल सूची जारी होगी। ऐसे में विभाग से जुड़े जानकारों का मानना है कि मार्च माह के दूसरे सप्ताह से परीक्षा शुरू कराकर, इसी माह में समाप्त कर दी जाएगी। इसके बाद पंचायत चुनाव हो सकेगा।