बर्डपुर के एक स्कूल में परीक्षा देते परीक्षार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा में सोमवार को नकलचियों की शामत रही। सचल दस्तों ने विभिन्न केंद्रों पर चेकिंग के दौरान 12 नकलचियों को पकड़ा। इसमें 11 छात्राएं शामिल हैं। सर्वाधिक नकलची इंटर के शिक्षा शास्त्र विषय में पकड़े गए। सभी को रेस्टीकेट कर दिया गया है। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों के चलते दो कक्ष निरीक्षकों को भी कार्यमुक्त किया गया।
प्रथम पाली में हाईस्कूल के गणित और गृह विज्ञान विषय की परीक्षा थी। डीआईओएस सोमारु प्रधान की टीम ने महामना मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज बरगदवा के केंद्र पर चेकिंग के दौरान एक छात्र को नकल करते पकड़ा। गृह विज्ञान विषय में सर्वजीत कौशल इंटर कॉलेज पेड़ारी से प्राचार्य ने दो छात्राओं को नकल करते पकड़ा। वहीं दूसरी पाली में शिक्षा शास्त्र विषय में वित्त एवं लेखाधिकारी की टीम ने पीपुल्स इंटर कॉलेज से पांच, राममनोहर कन्या इंटर कॉलेज से तीन व रामजानकी इंटर कॉलेज गिरधरपुर से एक छात्रा को नकल करते पकड़ा।
इस दौरान कुल 2018 छात्र-छात्रा परीक्षा से अनुपस्थित भी रहे। डीआईओएस सोमारु प्रधान ने बताया कि नकल विहीन सकुशल परीक्षा कराने के लिए विभाग पूरी तरह अलर्ट है। गड़बड़ी उत्पन्न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उधर, पकड़ी बाजार क्षेत्र के सूर्या इंटर कॉलेज बुढनइया में बने केंद्र पर सुबह हाईस्कूल गणित व गृह विज्ञान की परीक्षा में 335 बच्चे शामिल हुए। यहां कुल 346 बच्चे पंजीकृत हैं। हाईस्कूल के गृह विज्ञान परीक्षा में 12 छात्राएं पंजीकृत थी, इसमें एक अनुपस्थित रही।