बांसी में शिव मंदिर पर सफाई करते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर/बांसी। जनपद में सोमवार को महाशिवरात्रि धार्मिक उत्साह व आस्था के साथ मनाई जाएगी। इस महापर्व को लेकर जनपद के हर शिवालयों की विशेष सजावट की गई है। शिवभक्तों के लिए हर प्रकार की सुविधाओं का इंतजाम किया गया है।
बांसी प्रतिनिधि के मुताबिक सोमवार को पड़ने वाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। लोग अपने गांव, कस्बों में मौजूद शिवालय व मंदिरों की सुबह से ही सफाई करने व उसे सजाने में जुटे रहे। नगर स्थित बऊरहवा स्थान, माघ मेला स्थित शिव मंदिर, राप्ती नदी स्थित शिवालय, नरकटहा स्थित शिव मंदिरों व पशुपतिनगर स्थित मां शीतल स्थान व शिवमंदिर आदि पर लोगों द्वारा सुबह से मंदिर की साफ -सफाई करने व उसे फूल मालाओं, गुब्बारों व विद्युत झालरों से सजाने संवारने का कार्य पूरा किया गया।
मिठवल प्रतिनिधि के अनुसार मिठवल बाजार स्थित अति प्राचीन बाबा मिठेश्वर नाथ मंदिर की साफ -सफाई व रंग रोगन कर आकर्षक ढंग से सजाए जाने का कार्य चल रहा है। खेसरहा ब्लॉक मुख्यालय स्थित लोकेश्वर नाथ व ब्लॉक के ही पीढ़ियां गांव स्थित शिवमंदिरों को सजाने का कार्य लोग बड़ी ही श्रद्धा के साथ करते रहे।
मटेश्वरनाथ मेले में होगा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम
पथरा। मिठवल के बाबा मटेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में शिवरात्रि विशाल मेले की तैयारी पूरी हो गई। बता दें कि बांसी कोतवाली के मिठवल बाजार स्थित प्राचीन बाबा मटेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर हजारों की संख्या में दूर -दूर से श्रद्धालु पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। भक्तों के ठहरने के लिए मंदिर कमेटी द्वारा व्यवस्था की गई है। मेले में शांतिपूर्ण माहौल के लिए प्रशासन के साथ साथ हिन्दू युवा वाहिनी व मंदिर कमेटी के सदस्य भी तैनात रहेंगे। मंदिर के अध्यक्ष विष्णु गिरी ने बताया कि मेले में अंडा, मछली व मांस की दुकानें प्रतिबंधित हैं। महाशिवरात्रि के दिन कस्बे के सभी अंडा मछली व मीट की दुकान बंद रहेंगी। मंदिर के महंत कैशलेन्द्र नाथ गिरी ने बताया कि सोमवार को जलाभिषेक के लिए सुबह चार बजे से ही मंदिर खो दिया जाएगा।