सिद्धार्थनगर। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह व डीआईजी राकेश चंद्र साहू ने रविवार को जिले में पहुंचकर सीएम के आगमन की तैयारियों का जायजा लिया। देर शाम को सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल भी हुई।
मंडलायुक्त और डीआईजी सबसे पहले बीएसए कार्यालय ग्राउंड के पास मुख्य पंडाल में पहुंचे। मंच देखने के बाद आगंतुकों, बच्चों के लिए बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली। पार्किंग व ट्रैफिक रूट के बारे में पूछताछ की। निर्देश दिए कि मंच के आसपास अनधिकृत व्यक्ति को न घुसने दिया जाए। इसके बाद दोनों शेखनगर वार्ड की मलिन बस्ती पहुंचे। इंटरलॉकिंग सड़क, जलनिकासी आदि के बारे में जानकारी ली।
बस्ती के लोगों से अन्य समस्याओं के बारे में पूछा। उसका ब्लॉक के ओडीएफ गांव भिटिया स्थित प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में मंडलायुक्त ने बच्चों को व्यवस्थित ढंग से बैठाने, मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एमडीएम बनवाने के लिए निर्देश दिया। इस दौरान सदर विधायक श्यामधनी राही, डीएम कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ.धर्मबीर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, एडीएम प्रमोद शंकर शुक्ल, एसडीएम डॉ.महेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ.वेदप्रकाश शर्मा, डीपीआरओ एके सिंह, बीईओ व्यासदेव आदि मौजूद रहे।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। हेलीपैड पर अपर एसडीएम राजेश सिंह, पुलिस लाइन के सेफ हाउस में तहसीलदार राजेश अग्रवाल, हेलीपैड स्थल से सभी कार्यक्रमों तक और पुन: हेलीपैड पर पहुंचने तक के लिए बंदोबस्त अधिकारी ओमप्रकाश अंजोर, मुख्य पंडाल में एसडीएम प्रबुद्ध सिंह, मंच के आगे एसडीएम एम जुबेर बेग, मंच के दाएं, बाएं, पीछे तरफ एसडीएम सत्यप्रकाश सिंह, मुख्य सड़क के प्रवेश द्वार पर तहसीलदार नंदप्रकाश मौर्य, पंडाल के मुख्य प्रवेश द्वार पर तहसीलदार वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, जिला संयुक्त चिकित्सालय पर एडीएम न्यायिक गुरु प्रसाद गुप्ता, शेखनगर की मलिन बस्ती में एसडीएम राजेंद्र प्रसाद, भिटिया में एसडीएम डॉ.महेंद्र कुमार, वीवीआईपी स्विस कॉटेज पर तहसीलदा संतोष कुमार ओझा, क्रू व्यवस्था पर तहसीलदार शिवमूर्ति सिंह व रेस्ट हाउस पर नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। एडीएम वित्त प्रमोद शंकर शुक्ल व एएसपी अरविंद कुमार मिश्र सबसे समन्वय स्थापित कर अपने पर्यवेक्षण में कार्यक्रम कराएंगे। सीडीओ अनिल कुमार मिश्र को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
चालू हुआ वर्षों से बंद प्रसव केंद्र
उसका बाजार। भिटिया गांव का प्रसव केंद्र वर्षों से बंद पड़ा था। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास स्थित प्रसव केंद्र खंडहर का रूप ले चुका था। सीएम के आगमन की सूचना के बाद आनन-फानन में मरम्मत कराकर इसे संवारा गया है। रविवार से इसे चालू भी करा दिया गया। सभी दस्तावेज सौंपते हुए एएनएम व आशा को मुस्तैद किया गया।
सात सदस्यीय स्वास्थ्य टीम रहेगी तैनात
सिद्धार्थनगर। सीएम के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर सात सदस्यीय टीम गठित की गई है। सीएम का ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव है। सीएमएस डॉ.रोचस्मति पांडेय ने बताया कि सीएम के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए एक सर्जन व एक फिजीशियन सहित चार डॉक्टर, एक एलटी, एक फॉर्मासिस्ट, एक वॉर्डब्वॉय सहित सात लोगों की टीम को लगाया गया है।