बांसी (सिद्धार्थनगर)। बाढ़ घटने के साथ बांसी तहसील क्षेत्र के प्रभावित इलाकों में संक्रामक रोगों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य टीम के न पहुंचने से वहां के लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
सरकारी चिकित्सकों की टीम के साथ समाजसेवियों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने के साथ चिकित्सा शिविर लगाकर बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचा रहे हैं।
निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष चमनआरा राईनी व इद्रीश पटवारी रविवार को इंदिरानगर वार्ड के गरगजवा में शरण लिए बाढ़ पीड़ितों के लिए चिकित्सा शिविर में पहुंचे। डॉ. ताबीस खान की देख रेख में इलाज के साथ साथ पीड़ितों को दवा वितरित हुई।
डॉ. ताबीस खान ने बताया कि दोपहर तक दो सौ मरीजों का परीक्षण कर दवा की गई। इद्रीश पटवारी ने कहा कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। दवा के साथ भोजन का वितरण नियमित सुबह-शाम उपलब्ध कराया जा रहा है, जो बाढ़ के पानी से निजात मिलने तक जारी रहेगा। इस दौरान रामदेव पांडेय, मो. अयूब, मो. अफजाल, निलेश आदि मौजूद रहे।