शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान के तहत एक से 31 जुलाई तक चलने वाले मतदाता मेले की सफलता को लेकर रविवार को तहसील प्रशासन और विभिन्न राजनीतिक पार्टी के नेताओं के साथ बैठक हुई। तहसीलदार मंजूूर अहमद ने अभियान की सफलता को लेकर राजनीतिक पार्टियों से सहयोग की अपील की। जिससे कि 18 आयु वर्ष के यूथ मतदाताओं को मतदाता सूची में सम्मिलित किया जा सके।
तहसीलदार ने बैठक में मौजूद राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से अपील करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में बीएलओ की तैनाती में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे एक माह तक चलने वाले मतदाता पुनरीक्षण मेला को सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि बीएलओ प्रत्येक घरों पर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें। 18 वर्ष आयु वर्ग के युवा से फार्म छह भराकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने का आवेदन लेंगे। मृतक मतदाताओं का नाम सूची से बाहर निकालने का भी काम बीएलओ करेंगे। मोबाइल एप के माध्यम से भी यूथ मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैैं। निर्वाचन आयोग ने नागरिकों को सेवाएं प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय कॉल सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसमें नए यूथ मतदाताओं को मतदाता बनने की प्रक्रिया व प्रोफार्मा के बारे में विस्तार से जानकारी मुहैया कराई जाती है। तहसीलदार ने बैठक में मौजूद लोगों से विशेष अभियान की सफलता में अपना योगदान देने की अपील की। इस दौरान रजिस्टार कानूनगो अशोक कुमार, रामशंकर यादव, रामचंद्रधर दूबे, चतुर्भुजी पांडेय, अकबाल अहमद आदि मौजूद रहे।
मतदाता मेले की सफलता में दो दल के नेताओं ने किया प्रतिभाग
शोहरतगढ़। तहसील सभागार कक्ष में निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार विशेष अभियान की सफलता को लेकर रविवार को आयोजित बैठक में तहसील प्रशासन ने आठ दलों के नेताओं को पत्र भेजकर आमंत्रित किया था। समय सीमा बीत जाने के बाद भी विशेष अभियान की सफलता को लेकर आयोजित बैठक में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के नेता ही मौजूद रहे। बाकी अन्य दलों के आमंत्रित नेताओं ने इस महत्वपूर्ण बैठक में पहुंचने की जहमत नहीं उठाई।