सिद्धार्थनगर। तख्तापलट की आंच सिर्फ ब्लॉकों तक ही नहीं हैं। जिले के मिनी सदन में भी सपा समर्थित अध्यक्ष की कुर्सी छीनने की कोशिश शुरू हो गई है। अपना दल ने तो बाकायदे इसका एलान कर दिया है। युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत चौधरी ने शोहरतगढ़ ब्लॉक से जिला पंचायत की रिक्त सीट पर शिवचंद भारती को प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने साफ कहा कि इस चुनाव में जीत के साथ ही पार्टी अध्यक्ष पद के लिए भी दावेदारी करेगी। बता दें कि अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित पद पर अभी तक भाजपा-अपना दल गठबंधन में इस वर्ग का कोई सदस्य नहीं है।
48 सदस्यों वाले मिनी सदन में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा उम्मीदवार के रूप में गरीबदास गौतम निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। सदन में बहुमत के बावजूद उन्हें अध्यक्ष बनाने के लिए काफी माथापच्ची करनी पड़ी थी। सपा के कई सदस्यों में पार्टी के इस फैसले से असंतोष था। इसके बावजूद कोई विकल्प न होने से वह चुप्पी साधे रहे। तभी से अनुमान लगाया जा रहा था कि सूबे की सत्ता बदली तो यहां भी फेरबदल के आसार होंगे। सत्ता बदली, मगर सदन में एससी वर्ग से कोई सदस्य न होने से भाजपाई खेमा चुप्पी साधे रहा। संयोग ही रहा कि इसी दौरान निर्वाचित सदस्य के इंतकाल से शोहरतगढ़ क्षेत्र से जिला पंचायत की चार नंबर सीट रिक्त हो गई। अब इस सीट को हथियाने के लिए सत्ताधारी दल के लोग एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। उनकी मंशा सिर्फ सदस्य जीतने की नहीं, बल्कि उसके जरिए मिनी सदन में पहुंचकर अध्यक्ष की कुर्सी हथियाने की है। अपना दल ने इसके संकेत भी दे दिए हैं। शनिवार को जारी विज्ञप्ति में पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत चौधरी ने रिक्त सीट झ्से शिवचंद भारती को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया।
उन्होंने बताया कि पार्टी इस चुनाव में जीत दर्ज करेगी और इसके साथ अध्यक्ष पद के लिए भी दावेदारी करेगी। पार्टी के इस दावे के बाद जिला पंचायत की रिक्त सीट पर लड़ाई रोचक हो गई है। यहां से भाजपा के भी एक वरिष्ठ पदाधिकारी चुनाव में उतरने की तैयारी में हैं। अब तक यही माना जा रहा है कि सत्ताधारी दल की ओर से अध्यक्ष का चेहरा वही होंगे, मगर अपना दल के आने से समीकरण उलझते दिख रहे हैं। बहरहाल, शिवचंद भारती के प्रत्याशी घोषित होने पर शोहरतगढ़ विधायक अमर सिंह चौधरी, जिलाध्यक्ष आत्माराम पटेल, युवा वर्ग के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी, सतीश चौधरी, अजय चौधरी, उमेश यादव, राम उग्रह चौधरी, अरमान मलिक, नुरूल हुदा, रणजीत कुमार कसौधन, अमित चौधरी आदि ने प्रसन्नता जताई है।