जिले में 114 कोरोना संक्रमित मिले
संक्रमण पर नहीं लगा ब्रेक, रोजाना 100 से अधिक पॉजिटिव
संक्रमण की पुष्टि के बाद आइसोलेट किए गए मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण कम होने के बताए प्रतिदिन बढ़ रहा है। जिले में बुधवार को आई रिपोर्ट में 114 कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को आइसोलेट कर दिया। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों का सैंपल जांच के लिए भेज दिया है। जिले में कोरोना सक्रिय केस की संख्या 1140 हो गई है। राहत भरी खबर है कि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में बुधवार को किसी संक्रमित मरीज की मौत होने की पुष्टि नहीं हुई।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार रुक नहीं रही है। हालांकि राहत भरी खबर यह है कि मरीजों की संख्या में कमी जरूर आई है। पिछले तीन दिनों से कुछ कम मरीज मिलने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र में 29, नौगढ़ क्षेत्र में 25 और भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र में 10 संक्रमित पाए गए। इसके अलावा बांसी में क्षेत्र में चार, बर्डपुर दो, डुमरियागंज दो और इटवा क्षेत्र में नौ कोरोना संक्रमित मिले। जबकि जोगिया क्षेत्र में चार, खेसरहा तीन, खुनियांव एक, लोटन तीन और मिठवल ब्लॉक क्षेत्र में पांच लोगों की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। शोहरतगढ़ क्षेत्र में छह और उसका बाजार में चार संक्रमित मिले। इसके अलावा सात अन्य संक्रमित मिले हैं। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को आइसोलेट कर दिया। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि 114 कोरोना संक्रमित मिले हैं, उन्हें आइसोलेट कर दिया। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया।