परसा। शोहरतगढ़ विद्युत उपखंड के पांच पावर हाउस शोहरतगढ़ शहर, देहात, पकड़ी, बोहली और ढेबरुआ पर तैनात विद्युत संविदा कर्मियों ने दिसंबर 2017 से मानदेय न मिलने के कारण विद्युत निगम को आगामी 31 अक्तूबर तक अल्टीमेटम दिया था। संविदा कर्मियों के मुताबिक अगर बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो वह सभी एक नवंबर से कार्य बहिष्कार करेंगे जिससे क्षेत्र के लगभग चार सौ गांवों की बिजली प्रभावित हो सकती है।
संविदाकर्मी इंद्रमणि पांडेय, अब्दुल कलाम, राजेश कुमार, अंगद, राजबली ने कहा है कि उनका मानदेय दिसंबर 2017 से बकाया है। जब कभी हम कार्य बहिष्कार करते हैं तो हमे एक माह का मानदेय देकर चुप करवा दिया जाता है। मनोहर, वीरेन्द्र, अरविन्द, मुन्नू यादव, गौकरन आदि का कहना है कि ईपीएफ का भी कोई पता नहीं है। रामदेव, दिलीप कुमार, बुद्धिराम, महमूद, विजय, राधेश्याम आदि का कहना है कि बिना पहचान पत्र हमे ड्यूटी पर जाना पड़ता है।
संविदाकर्मियों ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, अधिशासी अभियंता से अविलंब बकाया मानदेय भुगतान करने की मांग की है। शोहरतगढ़ विद्युत उपखंड के एसडीओ आशुतोष अग्रहरि का कहना है कि मानदेय भुगतान के संदर्भ में विभाग के उच्चाधिकारियों से बात हो गई है। शीघ्र ही बकाया मानदेय का भुगतान हो जाएगा।