सिद्धार्थनगर/बांसी। शासन की महत्वाकांक्षी योजना इंस्पायर अवार्ड के लिए अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को जल्द से जल्द विद्यालय के प्रधानाचार्य पंजीकृत कराएं। कक्षा नौ और 11 में पंजीकृत छात्र-छात्राओं की सूची उपलब्ध कराने के साथ ही पर्यावरण सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
ये बातें डीआईओएस डॉ. राजबहादुर मौर्या ने बांसी स्थित न्यू पब्लिक स्कूल में सभी प्रधानाचार्यों की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना इंस्पायर अवार्ड में कक्षा छह से दस तक अध्ययनरत प्रत्येक कक्षा से एक-एक मेधावी को पंजीकृत किया जाना है। इसके तहत मेधावियों को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। सभी प्रधानाचार्य बच्चों को चिह्नित कर अवार्ड के लिए पंजीकृत करा दें। डीआईओएस ने कक्षा नौ में प्रवेश पर विशेष ध्यान देने की बात कही। कहा कि एक भी बच्चा छूटने न पाए। आसपास के विद्यालयों से सूची प्राप्त कर कक्षा आठ पास करने वाले बच्चों का प्रत्येक दशा में पंजीकरण करा दें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। उसकी सुरक्षा के लिए विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. नलिनीकांत त्रिपाठी, हरिशंकर त्रिपाठी, देवेंद्र धर द्विवेदी, वीरेंद्र कुमार चौधरी, कृष्ण कुमार, शैलेंद्र शर्मा, ज्ञानचंद, समसुल हसन, वरिष्ठ लिपिक अबरार अहमद आदि मौजूद रहे।