सिद्धार्थनगर।अब बेहतर काम करने वाले पुलिस कर्मियों को विभाग सम्मान देगा। ‘पुलिस पर्सन ऑफ द मंथ’ का टाइटिल देते हुए थाने में उनकी बड़ी फोटो लगाई जाएगी। हर माह हर थानों में किसी एक पुलिस कर्मी का इसके तहत चयन होगा। इसका मकसद पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग करना और दूसरों से प्रेरणा लेकर अपनी कार्य कुशलता को निखारना है।
कम्यूनिटी पुलिसिंग की राह पर आगे बढ़ते हुए पुलिस की छवि को बेहतर बनाने के लिए डीजीपी ने यह पहल की है। अच्छे कार्य करने वाले पुलिसकर्मी खुद पर गर्व महसूस कर सकें और दूसरे उनसे प्रेरणा भी ले सकें, इस मकसद ने ‘पुलिस पर्सन ऑफ द मंथ’ चुनने का निर्देश दिया गया है। डीजीपी के पत्र के मुताबिक हर महीने प्रत्येक थाना स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगा, सिपाही का इसके तहत चयन किया जाएगा। सभी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उन्हें सम्मानित करते हुए ‘पुलिस पर्सन ऑफ द मंथ’ की टाइटिल से नवाजा जाएगा। थाने के अंदर उनकी बड़े आकार की फोटो लगेगी, जो हर आने-जाने वालों को भी उनके व्यक्तित्व व कार्यों से अवगत कराएगा।
माना जा रहा है कि इस कवायद से पुलिस कर्मियों में अच्छे कार्य के लिए प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी। जनता में पुलिस की छवि भी बदलेगी। इस संबंध में एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बताया कि डीजीपी के पत्र प्राप्ति के साथ ही सभी थानों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। तय बिंदुओं के आधार पर हर माह चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस प्रकार से होगा चयन
सिद्धार्थनगर। विभागीय जिम्मेदारों की मानें तो योजना के तहत ऐसे पुलिस कर्मी को चुना जाएगा जो अपने कार्य के प्रति कर्तव्यनिष्ठ हों। बीट के बारे में पूरी जानकारी रखते हुए नियमित बीट पर भी जाते हों। जनता के साथ उनके संवाद अच्छे हों और लोगों से उनका अच्छा व्यवहार भी हो। क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को रोकने, गुडवर्क में उनकी अहम भूमिका हो। इसके अलावा कोई ऐसी घटना हुई हो, जिसमें उनकी सक्रियता से किसी की जान बची हो। जनता उनके कार्य को लेकर सराहना कर रही हो। विभाग के प्रति उनका व्यवहार अच्छा हो।
जीआरपी थानों में भी होगा चयन
सिद्धार्थनगर। डीजीपी का यह फरमान सिर्फ नागरिक पुलिस के लिए ही नहीं, जीआरपी के लिए भी है। राजकीय रेल पुलिस में भी इन्हीं मानकों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी ‘पुलिस पर्सन ऑफ द मंथ’ चुने जाएंगे।