पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के मस्जिदिया के टोला पिपरी पट्टी गांव में दुर्गा मंदिर के पास से गुजरा हाईटेंशन लाइन का पोल झुक गया है। इससे हाईटेंशन तार जमीन से कुछ ही दूरी पर लटक रहा है। मंदिर और आसपास आने-जाने वाले लोगों के बीच हादसे का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, दुर्गा मंदिर के पास लगा पोल काफी समय से झुका हुआ है। मंदिर के आसपास ग्रामीणों और बच्चों की आवाजाही रहती है। ऐसे में तार के नीचे होने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि झुके बिजली के पोल को ठीक कराने के लिए कई बार बिजली निगम के जिम्मेदारों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक पोल को सीधा नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने जल्द पोल को ठीक कराने और तार को सुरक्षित ऊंचाई पर करने की मांग की है।
ग्रामीण सुनील यादव, महेश यादव, जसराम यादव, रविंद्र यादव, राकेश चौहान, कांशीराम यादव, मोलहू चौहान, अमरेश पांडेय, राजीव चौहान, रविंद्र चौहान और शहादुल भारती आदि ने बताया कि पोल की स्थिति को लेकर कई बार विभाग को अवगत कराया गया है। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते पोल और तार को ठीक नहीं किया गया तो कभी भी हादसा हो सकता है।