त्रिलोकपुर क्षेत्र के गैर आवाद गांव बहादुरपुर में काटा जा रहा आम का पेड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में इस समय लकड़ी माफिया सक्रिय हैं, लेकिन इन माफियाओं पर वन विभाग मेहरबान है। जहां सूखे आम के पेड़ को दिखाकर हरे आम के पेंड़ो का परमिट जारी करता है। वहीं लकड़ी माफिया ने दस का परमिट जारी कराकर 25 पेड़ को धराशायी कर दिया। विभाग शिकायत के बाद कार्रवाई के नाम पर दो पेड़ का जुर्माना तक सीमित है।
लकड़ी माफिया द्वारा त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गैर आवाद गांव बहादुरपुर व लौहरौला गांव के बीच सिकटा चिताही मार्ग के बगल स्थित आम के बाग को काटने का काम सोमवार से ही किया जा रहा है। बाग में लगे सौ से अधिक हरे आम के पेड़ों को काटने के लिए लकड़ी माफियाओं ने वन विभाग से दस हरे आम के पेड़ों को सूखा दिखाकर परमिट जारी कराया। दस पेड़ के परमिट पर लकड़ी माफियाओं ने शनिवार तक 25 पेड़ काटकर गिरा दिया। शिकायत पर पंहुची वन विभाग की टीम ने दो पेड़ों का जुर्माना कर कार्रवाई की इतिश्री कर दिया। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज अजय शंकर शुक्ल ने कहा कि दस पेड़ के परमिट जारी किए गए हैं। ठेकेदार द्वारा अधिक पेड़ काटने पर दो पेड़ों का जुर्माना किया गया है। आगे अगर पेड़ों की कटान बिना परमिट होगी तो लकड़ी सीज कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।