पीएम श्रमयोगी मानधन योजना में 50 ने किया आवेदन
विकास खंड शोहरतगढ़ में शिविर का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़। शनिवार को विकास खंड शोहरतगढ़ में तीन हजार रुपये की पेंशन के लिए 50 आवेदन हुए। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को 60 साल की उम्र के बाद तीन हजार रुपये प्रति महीने पेंशन दी जाएगी। वरिष्ठ लिपिक बालकृष्ण ने आवेदन करने आए लोगों को बताया कि इस योजना में कामगार की उम्र 18 से कम और 40 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए।
पहले से ही केंद्र सरकार की सहायता वाली किसी अन्य पेंशन स्कीम का सदस्य होने पर वर्कर मानधन योजना के लिए पात्र नहीं होगा। इस योजना में रेहड़ी-पटरी लगाने वालों, रिक्शा चालक, निर्माण कार्य करने वाले मजदूर, कूड़ा बीनने वाले, बीड़ी बनाने वाले, हथकरघा, कृषि कामगार, मोची, धोबी, चमड़ा कामगार और इसी प्रकार के दूसरे कार्यों में लगे असंगठित क्षेत्र के कामगारों को लाभ मिलेगा। मेगा पेंशन योजना से जुड़ने के लिए असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मी की इनकम 15,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र व्यक्ति का सेविंग बैंक अकाउंट और आधार नंबर जरूरी है। योजना के साथ 18 वर्ष की आयु में जुड़ने वाले कामगार को 55 रुपये मासिक राशि जमा करनी होगी। इतनी ही राशि का योगदान सरकार भी करेगी। अधिक उम्र में योजना से जुड़ने वाले व्यक्ति का मासिक अंशदान भी बढ़ता चला जाएगा। योजना से 29 वर्ष की आयु में जुड़ने वाले कामगार को 100 रुपये मासिक अंशदान करना होगा। जबकि 40 वर्ष की आयु के व्यक्ति को योजना अपनाने पर 200 रुपये प्रति माह का अंशदान करना होगा। योजना के तहत 60 वर्ष की आयु होने तक अंशदान करना होगा। श्रमिक की मौत के बाद वारिस पत्नी या बच्चे इस योजना में नियमित रूप से अंशदान कर लाभ ले सकते हैं। इस दौरान सीएचसी संचालक विजय कुमार गुप्ता, बीओ होमगार्ड कृष्ण कुमार यादव, राजेश तिवारी, पवन कुमार उपाध्याय, संजय कुमार यादव, ओमप्रकाश, पुनीता आदि मौजूद रहे।