सिद्धार्थनगर। मदरसों से साल दर साल छात्र दूरी बढ़ा रहे हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले तीन सालों में करीब तीन हजार छात्र घटे हैं। इस बार मदरसों की परीक्षा भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।
11 फरवरी से शुरू होने वाले मदरसा बोर्ड परीक्षा की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार परीक्षा में 6889 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए उन्हीं विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। परीक्षा में नकल न हो इसके के लिए मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों की निगरानी करते रहेंगे। आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2016-17 सत्र में 10500 हजार छात्र थे। वर्ष 2017-18 में नौ हजार तीन सौ छात्रों ने परीक्षा दिया था। 2018-19 में संख्या घटकर 6889 पहुंच गई है। विभाग छात्रों की संख्या घटने के पीछे परीक्षा में सख्ती की बात कह रहा है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय ने बताया कि परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार 74 मदरसों के 6889 बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे।