सिद्धार्थनगर। संयुक्त जिला अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से संबंधित शिकायती पत्र के मामले में जांच कमेटी को जरूरी अभिलेख व साक्ष्य न देने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जवाब संतोषजनक न देने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी कुणाल सिल्कू की ओर से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रोचस्मती पांडेय को जारी कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय सचिव पं. श्याम नारायन चौबे के शिकायत पर एसडीएम सदर की अध्यक्षता में अधिशासी अभियंता विद्युत व वरिष्ठ कोषाधिकारी की संयुक्त जांच टीम गठित गई थी। जांच के अगुवा एसडीएम सदर ने विद्युत मरम्मत की पत्रावली एवं जांच के लिए आवश्यक अभिलेख की मांग किये जाने के पर भी टीम को उपलब्ध नहीं कराया गया।
लिहाजा अभिलेख उपलब्ध न कराए जाने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि जिला चिकित्सालय में किस-किस भाग में विद्युत मरम्मत का कार्य कराया गया है। एसएनसीयू व पीआईसीयू में विद्युत मरम्मत का कार्य कराया गया है अथवा नहीं कराया गया है। जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जांच टीम को अभिलेख उपलब्ध न कराये जाने का कारण पूछा है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।