सिद्धार्थनगर।डीआईओएस के निरीक्षण में शुक्रवार को माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व कर्मचारियों की मनमानी खुलकर सामने आई। न तो समय पर शिक्षक उपस्थित मिले और न ही बच्चों की ही संख्या थी। एमडीएम रजिस्टर में गलत उपस्थिति दर्ज की गई थी। डीआईओएस ने तीन प्रधानाचार्यों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए, 15 सहायक अध्यापकों व 6 परिचारकों का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया है।
डीआईओएस डॉ. राजबहादुर मौर्य सुबह आठ बजे शिवाजी उ.मा.वि. मुड़ली पननी पहुंचे। उपस्थिति पंजिका में सहायक अध्यापक अखिलेश पांडेय का 24 व 25 अप्रैल का अवकाश प्रार्थना संलग्न था। जबकि 26 व 27 की उपस्थिति का कॉलम खाली मिला। परिचारक रमाकांत मिश्रा भी अनुपस्थित मिले। विद्यालय में केवल 16 बच्चों की मौजूदगी दिखी। डीआईओएस ने बच्चों की कम मौजूदगी पर प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब करते हुए अनुपस्थित शिक्षक-कर्मचारियों के एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का आदेश दिया। इसके बाद वह किसान उ.मा.वि. ठोठरी बाजार पहुंचे तो वहां प्रधानाचार्य समेत पूरा स्टाफ नदारद मिला। विद्यालय में केवल 10 बच्चे मौजूद थे।
आईओएस ने प्रधानाचार्य राधेरमण दुबे से स्पष्टीकरण तलब करते हुए सहायक अध्यापक दिवाकर प्रसाद मिश्रा, रविंद्रनाथ शुक्ला, जगदंबा प्रसाद दुबे, शेर बहादुर चौधरी, बाबूलाल खान, संतलाल वरुण, अनिल कुमार पांडेय, उमेश चंद्र मिश्र, ओमप्रकाश मिश्र, राजेश चंद्र पांडेय, परशुराम चौधरी, राधेकृष्ण त्रिपाठी, अनिल कुमार मिश्र, रामलगन पांडेय और परिचारक जगदीश प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद, अरुण कुमार, रामवृक्ष व विनोद कुमार का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का आदेश दिया। श्री दुर्गाजी चौधरी पाटेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज पटनी जंगल के औचक निरीक्षण में सुबह सवा नौ बजे तक एक भी बच्चे उपस्थित नहीं थे। एमडीएम रजिस्टर में 25 बच्चों की उपस्थिति दर्शाई गई थी। उपस्थित पंजिका मांगने पर पता चला कि वह प्रबंधक के पास है। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब करते हुए, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।डीआईओएस,डॉ. राजबहादुर मौर्य ने कहा कि शिक्षण व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में मिली खामियों व अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है। आगे भी विद्यालयों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।
बॉयोमेट्रिक उपस्थिति पर ही मिलेगा मई माह का वेतन
सिद्धार्थनगर। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्यों को डीआईओएस ने शिक्षकों व कर्मचारियों की उपस्थिति बॉयोमेट्रिक प्रणाली से उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया है। आदेश मेें कहा कि बिना बॉयोमेट्रिक उपस्थिति के मई माह के वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार के अंक में ही ‘अमर उजाला’ ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए खबर प्रकाशित की थी। दो माह पहले निर्देश के बाद भी जिले के 46 सहायता प्राप्त विद्यालयों में सिर्फ सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज व शोहरतगढ़ के शिवपति पीजी कॉलेज में ही बॉयोमेट्रिक व्यवस्था लागू मिली।