डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। ब्लॉक प्रमुख पद पर अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मची रार संघर्ष का रूप लेती जा रही है। शनिवार को भवानीगंज पुलिस ने कादिराबाद के बीडीसी सदस्य के अपहरण के आरोप में सपा नेता रामकुमार यादव चिनकू और उनके भाई पर केस दर्ज किया है। बीडीसी सदस्य की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। चिनकू ने आरोपों को निराधार बताते हुए राजनीतिक द्वेषपूर्ण कार्रवाई करार दिया है।
डुमरियागंज क्षेत्र के कादिराबाद गांव निवासी फुलारी देवी ने भवानीगंज थाने पर दिए तहरीर में कहा है कि शुक्रवार को वह अपने बीडीसी पति प्रह्लाद के साथ भवानीगंज स्थित बयारा गांव में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में घरेलू सामान खरीदने गई थी। शाम करीब 4 बजे पति-पत्नी घर लौट रहे थे। चौरा बनगंवा स्थित मलंग बाबा की मजार के सामने तिराहे के पास पहुंचे थे कि बयारा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार सफेद रंग की एक लग्जरी गाड़ी अचानक उनके पास आकर रुकी। इसमें कैथवलिया गांव निवासी सपा नेता रामकुमार चिनकू यादव और छोटे यादव के साथ ही तीन-चार अन्य लोग बैठे थे। फुलारी ने बताया कि गाड़ी रुकने के बाद चिनकू यादव उसके पति को गाली देने लगे। हिदायत के बाद भी गांव छोड़कर दिल्ली या मुंबई न जाने पर ऐतराज जताया। पति को जबरन वाहन में बिठा लिया गया और फिर डुमरियागंज की तरफ चले गए। उसके बाद से पति का कोई पता नहीं है। इस संबंध में भवानीगंज थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि फुलारी देवी की तहरीर पर रामकुमार चिनकू यादव व उनके भाई जिला पंचायत सदस्य छोटे यादव समेत अन्य समर्थकों के खिलाफ अपहरण, धमकी देने व मारपीट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है।