बर्डपुर (सिद्धार्थनगर)। मोहाना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रसूलपुर के टोला पोखरभिटवा में गुरुवार को गैस सिलेंडर में रिसाव से आग लग गई। सिलेंडर ब्लास्ट होने से पक्के घर की दीवार ढह गई। साथ ही मकान व दुकान में रखा सामान जल गया। बाहर बंधी भैंस भी झुलस गई। संयोग था कि परिवार के लोग मकान से बाहर आ चुके थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
पोखरभिटवा निवासी रामवृक्ष घर में चाय व किराने की दुकान चलाते हैं। सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। गैस फैलकर पास स्थित चाय की भट्ठी तक पहुंच गई, इससे सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर व दुकान आग की चपेट में आ गया। अनहोनी की आशंका से सहमे परिवार के सदस्य आनन-फानन में घर के बाहर आ गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इससे मकान की दीवार ढह गई। रामवृक्ष की सूचना पर फायर ब्रिगेड व यूपी-100 की टीम मौके पर पहुंच गई। उनकी अथक कोशिशों से आग पर काबू पाया गया। मकान के अंदर एक गैस सिलेंडर रखा था, जिसे यूपी-100 ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग से मकान व दुकान में रखा सामान नष्ट हो गया। घर में बंधी भैंस भी बुरी तरह झुलस गई है। रामवृक्ष के मुताबिक करीब 50 हजार रुपये नकद व 5 लाख रुपये का सामान नष्ट हुआ है। आग से तबाही के बाद पूरा परिवार सदमे में है। पत्नी शकुंतला, पुत्री पिंकी और रीना का रो-रोकर बुरा हाल है। दीवारें ढहने से सिर्फ छत ही शेष बचा है।