तुलसीपुर (श्रावस्ती)। घर से खेत के लिए साइकिल से निकला धैसरा निवासी युवक अचानक नहर में गिर जाने से डूब गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सोनवा थाना प्रभारी गोताखोरों के सहयोग से युवक की नहर में तलाश में जुटे हैं। देर रात तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका।
सोनवा थाना क्षेत्र के धैसरा के मजरा बाबू पुरवा निवासी संतोष कुमार (21) पुत्र रक्षाराम बुधवार को घर से गांव के बाहर खेत देखने साइकिल से जा रहा था। गांव के पास स्थित सरयू मुख्य नहर के पटरी पर पहुंचने के दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया था।
वह साइकिल चलाते हुए ही मोबाइल पर बात करने लगा। इसी बीच अचानक साइकिल पर नियंत्रण न हो पाने से वह साइकिल सहित नहर में गिर गया। नहर में काफी पानी होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना युवक के परिवारीजनों के साथ पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे एसडीएम इकौना सालिगराम व प्रभारी निरीक्षक सोनवा जितेन्द्र सिंह ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से युवक की नहर में काफी तलाश कराई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका है। संवाद