श्रावस्ती। बकरीद का पर्व बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को अंतिम स्वरूप देने में लोग देर रात तक जुटे रहे। इस दौरान नमाज के लिए ईदगाहों की साफ सफाई के साथ रंग रोगन कराने का कार्य भी बुधवार देर शाम तक चला।
पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी भी नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम बेहतर बनाने की कवायद में जुटे रहे। इसके लिए थाना व पुलिस चौकियों पर शांति समितियां की बैठक कर लोगों को पर्व के दौरान अमन चैन का माहौल कायम बनाए रखने की ताकीद भी की गयी।
बैठक में चेताया गया कि कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस चौकसी के साथ गश्त भी बढ़ा दी गयी है। जिलाधिकारी ने बकरीद के पर्व पर सभी इलाकों में अबाध विद्युत व जलापूर्ति सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश भी पॉवर कारपोरेशन सहित नगर पालिका प्रशासन के जिम्मेदारों को दिया है।
दूसरी तरफ बाजारों में भी बकरीद की खरीदारी को लेकर सुबह से लेकर देर रात तक खूब चहल पहल रही। महिलाओं व बच्चों ने पर्व के लिए नए परिधानों के साथ अन्य सामग्री की जमकर खरीद की।
अकीदत के साथ अदा होगी बकरीद की नमाज
भिनगा के ईदगाह व जामा मस्जिद निकट सब्जी मंडी में सुबह 8:3० बजे, जुनूबी मस्जिद मोहल्ला कहारन में सुबह 7:3० बजे, सत्ती चौरा बागवान मसजिद व रजा जामा मस्जिद में सुबह सात बजे बकरीद की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की जाएगी। इसके साथ ही जिले के अन्य ईदगाह व मस्जिदों में भी स्थानीय समय के अनुसार बकरीद की नमाज अदा कराई जाएगी।