गिरंट बाजार। दुकान पर बड़े भाई से ससुराल जाने की बात कहकर निकला युवक बृहस्पतिवार शाम संदिग्ध हालात में लापता हो गया। शाम तक उसके घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह युवक की बाइक व स्वेटर जंगल किनारे मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के मोहनलालपुरवा निवासी राजू (32) बृहस्पतिवार सुबह अपने बड़े भाई शरीफ के साथ बहराइच के नवाबगंज क्षेत्र के चरगहवा चौराहा स्थित अपने होटल गए थे। बड़े भाई शरीफ ने बताया कि दोपहर लगभग दो बजे राजू ने साले को लेने जाने की बात कही और बाइक लेकर निकल गया।
शाम पांच बजे तक वह घर नहीं पहुंचा, तो उसकी ससुराल में फोन कर जानकारी ली, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंचा था। इसके बाद हम लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को तहरीर दी।
राजू की बाइक संदिग्ध हालात में शुक्रवार सुबह मल्हीपुर क्षेत्र के भगवानपुर भैसाही के पास जंगल के पास खड़ी मिली। उसका स्वेटर भी वहीं पड़ा मिला। जंगल में लावारिस बाइक देख वनकर्मी लच्छीराम यादव व रामकुमार वर्मा ने इसकी सूचना वन दरोगा अजय कश्यप को दी।
वन दरोगा की सूचना पर थाना प्रभारी अंकुर वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाइक के नंबर के आधार पर बाइक की पहचान कर राजू के परिजनों को सूचना दी गई। इससे परिजन बिलख पड़े। राजू के बड़े भाई शरीफ, मां जाकरून, पत्नी जमादुल मौके पर पहुंचीं। इस दौरान परिजनों ने राजू का अपहरण होने व अनहोनी होने का आरोप लगाया।
युवक के बड़े भाई शरीफ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जंगल सहित अन्य स्थानों पर खोजबीन की जा रही है।
-अंकुर वर्मा, थाना प्रभारी