रतनापुर (श्रावस्ती)। हरदत्त नगर गिरंट पुलिस चौकी क्षेत्र के सुजानडीह निवासी एक युवक का शव मंगलवार को गांव के दक्षिण आम के बाद में फंदे से लटका मिला। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार पैसे की बात को लेकर मां बेटे में विवाद हुआ था। माता पिता की फटकार के बाद युवक ने अपनी जान दे दी।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के हरदत्त नगर गिरंट पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सुजानडीह निवासी कुछ ग्रामीण मंगलवार शाम नित्य क्रिया के लिए गांव के बाहर गए थे। जहां उन्हें गांव के दक्षिण स्थित आम के बाग में गमछे के फंदे के सहारे एक युवक का शव लटका दिखा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवक की पहचान सुजानडीह निवासी इसराइल (27) पुत्र इस्माइल के रूप में की।
जिसकी सूचना ग्राम प्रधान ने मल्हीपुर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से लाश को फंदे से नीचे उतरवाया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक इसराइल नशे का आदी था। नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए वह लोगों से पैसा उधार लेता था। इसके एवज में उसने अपनी जमीन गिरवी रखी थी। पैसा खत्म होने के बाद वह अपने माता पिता से धन मांग रहा था।
इसी बात को लेकर उसके पिता इस्माइल और माता ने उसे फटकारा था। इससे नाराज होकर उसने फांसी लगाकर जान दे दी है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।