गिलौला (श्रावस्ती)। राप्ती के सिसवारा घाट के निकट बुधवार को नदी में नहाने उतरा एक युवक अचानक डूबने लगा। जब तक लोग उसे बचाने का प्रयास करते वह धारा में डूब गया। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से युवक की नदी में तलाश शुरू कराई है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम पटखौली निवासी लालता (45) पुत्र बब्बू बुधवार को थाना क्षेत्र के ही सिसवारा घाट स्थित राप्ती के तट पर पहुंच गया। इस दौरान लालता नहाने के लिए नदी में उतर गया। जहां नदी का बहाव तेज होने से अचानक वह डूबने लगा।
इस दौरान घाट के निकट मौजूद लोग जब तक उसे बचाने का प्रयास करते वह गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना गिलौला पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से युवक की तलाश कराई पर उसका कुछ पता नहीं चल सका।