इकौना (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर सड़क पार करते समय मोटर साइकिल सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम इकौना देहात के मजरा चौबेजोत निवासी कृष्ण कुमार (40) पुत्र रामसागर कश्यप सोमवार को किसी काम से इकौना बाजार आया था। जहां से वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह इकौना पयागपुर मार्ग स्थित महजिदिया मोड़ पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
इससे कृष्ण कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेंद्र कनौजिया ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक बाराबंकी के थाना सुबेहा अंतर्गत ग्राम रज्जवापुर निवासी बेचू लाल साहू को गिरफ्तार कर लिया। जिसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।