तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा थाना क्षेत्र के शिवाला पुरवा नहर पुल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई जबकि किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
सोनवा निवासी अखिलेश कुमार (18) रविवार को साइकिल से राशन लेने मोहरनिया जा रहा था। उसके साथ गांव का ही विमलेश कुमार (17) भी था। शिवाला पुरवा नहर पुल के पास भिनगा से बहराइच जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अखिलेश कुमार व विमलेश कुमार दूर जा गिरे।
साइकिल स्कॉर्पियो में फंस गई। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने रतनापुर के पास स्कॉर्पियो को रोककर कब्जे में ले लिया। चालक फरार हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अखिलेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। विमलेश को जिला अस्पताल, बहराइच में भर्ती कराया गया है। उधर, अखिलेश की मौत से उसके परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी एक छोटी बहन संजू देवी (8) ही है। पिता चुन्नू लाल बदहवास हैं।