गिलौला। गिलौला क्षेत्र के ग्राम भिखारीपुर मसढ़ी में बुधवार को भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान रंजिश में एक युवक पर दबंगों ने चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की मां के तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
भिखारीपुर मसढ़ी निवासी मतोले राव के घर भंडारे का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में गांव के राधेश्याम अपनी पत्नी जागपता के साथ भोजन करने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वहां पहले से मौजूद शिवम ने उसके साथ अभद्रता की। जब तक महिला के परिजन पहुंचते तब तक शिवम वहां से भाग चुका था। वहीं, शिवम के चाचा दीनानाथ ने बताया कि कार्यक्रम में दोनों पक्ष क बीच रंजिश को लेकर विवाद हुआ था, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था। बाद में जागपता और उनके तीन पुत्रों ने शिवम पर चाकू से हमला कर दिया। परिजनों ने उसे तत्काल सीएचसी गिलौला पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। बहराइच में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। शिवम की मां सुखपता की तहरीर के आधार पर राधेश्याम और जागपता सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।