पुलिस की गिरफ्त में गांजा तस्कर व बरामद गांजा
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। इकौना पुलिस ने बुधवार रात सेमरी के निकट नाकेबंदी कर एक युवक को 43 किलो 200 ग्राम गांजा व 14 हजार रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इकौना में एक व्यक्ति गांजा की तस्करी करता है। वह मलौना खसियारी होकर गांजा ले जा रहा है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक इकौना ज्ञानेंद्र पांडेय ने हमराहियों के साथ मलौना खसियारी मोड़ स्थित सेमरी के पास नाकेबंदी कर दी। तभी उन्हें एक युवक आता दिखा। जिसके पास बोरे में कुछ सामान था। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया।
उसके पास 43 किलो 200 ग्राम गांजा व 14 हजार रुपये नकदी बरामद हुई। बरामद गांजा की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान थाना क्षेत्र के ग्राम बनरहा निवासी साहबदीन पुत्र जंगबहादुर के रूप में हुई। जिसके विरुद्ध इकौना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया।
जहां से आरोपी को जेल भेजा गया है। वहीं, इस सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन व पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है। इस टीम में इंस्पेक्टर के साथ ही उपनिरीक्षक विद्यासागर पांडेय, आरक्षी वीरेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार तथा अख्तर आलम शामिल रहे।