श्रावस्ती। ग्राम बैरागीजोत निवासी युवक सोमवार सुबह खेत में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। पिता ने फंदा काटकर युवक को उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भिनगा क्षेत्र के ग्राम बैरागीजोत निवासी शंकर लाल प्रजापति (19) रविवार रात खाना खाकर मक्के की फसल की रखवाली करने के लिए चले गए। पिता रामकुमार सोमवार सुबह जब बेटे को बुलाने के लिए खेत पहुंचे तो देखा की अंटा की बल्ली से गमछे के सहारे शंकर लाल लटक रहे हैं।
आनन-फानन रामकुमार ने हंसिया से गमछा काटकर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पिता के रोने की आवाज सुनकर परिवार व गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। भिनगा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता रामकुमार ने बताया कि शंकर लाल उनका इकलौता बेटा था। रविवार को वह पहली बार खेत की रखवाली के लिए गया था। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा बेहाल है।