श्रावस्ती। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचसी स्तर पर भी जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी है। इससे मरीजों को इलाज कराने में सहूलियत होगी।
जिला चिकित्सालय हो या सीएचसी, कहीं भी मरीजों को पूरी दवाएं नहीं मिल पाती हैं। ऐसे में उन्हें चिकित्सकों की सलाह पर मेडिकल स्टोर से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं। इसीलिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू कराया गया है।
सीएचसी पर आने वाले मरीजों को भी सस्ती दवाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए वहां भी जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी है। पहले चरण में सीएचसी इकौना, भिनगा व सिरसिया में जन औषधि केंद्र खोला जाएगा। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही औषधि केंद्रों का संचालन शुरू कराया जाएगा।