ग्राम महदेईया में फॉर्म वितरित करते बीएलओ। - संवाद
श्रावस्ती। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य तेजी से चल रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर गणना फाॅर्म वितरित कर रहे हैं। वहीं, लोगों के मन में इस बात को लेकर संशय है कि यदि वह बीएलओ के आने पर घर में न मिले तो कहीं उनका नाम सूची से न हट जाए या फिर वह पुनरीक्षण से वंचित न रह जाएं। जिला प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि गणना फाॅर्म निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। अपने मतदाता पहचान पत्र के एपिक नंबर से लिंक मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी की मदद से लॉगिन फॉर्म को खोलकर भर सकते हैं। यदि इपिक आईडी से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है तो भी लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अपने बीएलओ से संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं।
घर-घर पहुंच रहे बीएलओ
वीरपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में बीएलओ घर-घर पहुंच रहे हैं। ग्राम महदेइया में बीएलओ रमाशंकर चौधरी व सुपरवाइजर महराज बली ने गांव के भाग संख्या 416 में अब तक कुल 831 मतदाताओं को फाॅर्म वितरित किया है। साथ ही 90 आवेदनों को जमा भी किया जा चुका है। इसी तरह से भाग संख्या 415 में बीएलओ कमल किशोर पांडेय ने कुल 802 मतदाताओं को फाॅर्म वितरित किया है। इसमें से अब तक 102 आवेदनों को जमा कराया गया है।