श्रावस्ती। माध्यमिक व परिषदीय विद्यालयों में छात्रों को योग सहित अन्य शारीरिक व मानसिक गतिविधियों को सिखाने के लिए समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सोमवार को समूह गान व एकल गान आदि के बारे में बताया गया।
समर कैंप के दौरान राजकीय हाईस्कूल जोगनी में समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अंशिका, साधना, अमन, चांदनी व लक्ष्मी ने बेहतर प्रदर्शन किया। साथ ही लोक नृत्य में मुकेश कुमार, लोक गायन में लक्ष्मी यादव व लोक गायन में गोकरन निषाद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसमें छात्राओं को गायन व लोक नृत्य आदि के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य राजकुमार, जय कुमार नौटियाल आदि मौजूद रहे। इसी तरह से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में समर कैंप के दौरान आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर योग प्रशिक्षक अरुण कुमार ने बच्चों को योग के विभिन्न आसन सिखाए। उन्होंने कहा कि योग करने से शरीर व मन चुस्त दुरुस्त रहता है। इसी तरह से अन्य विद्यालयों में भी समर कैंप के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।