इकौना में बैठक के दौरान मौजूद भाजपाई।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मंडलवार बैठकों का आयोजन कर रही है। जिसमें दो दिवसीय जिले के प्रवास पर आए जिला प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को जीत के गुर सिखाए। साथ ही कार्यकर्ताओं से पार्टी हित में सभी मतभेद भूलकर पूरी निष्ठा व इमानदारी के साथ काम करने की अपील की। जिससे पार्टी को पंचायत चुनाव में बड़ी जीत हासिल हो सके।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान बुधवार को भाजपा के जिला प्रभारी अवधेश पांडे बादल ने इकौना व श्रावस्ती मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाध्यक्ष संजय कैराती पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में दोनों ही मंडलों के मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल पदाधिकारी, सेक्टर संयोजक, वार्ड संयोजक सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिनसे जिला प्रभारी ने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव को बहुत गंभीरता से ले रही है। आज भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसके पास सबसे मजबूत संगठन व सबसे उत्कृष्ट कार्यकर्ता हैं। हमारे पास हर वार्ड, हर न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर तक तथा बूथ समितियों की इकाइयों में कार्यकर्ता मौजूद है।
जिन्होंने केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। ग्राम पंचायतों में जनता की तरफ से भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हो रहा है। राजस्थान में पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली अभूतपूर्व जीत इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। अब कार्यकर्ताओं को आवश्यकता है कि प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जन सामान्य से संपर्क और संवाद साधते हुए अच्छे व विकास को प्राथमिकता देने वाले कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने में सहयोग करें।
आप द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर पार्टी विचार करेगी। हमारी विचारधारा है कि सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास। इसी वाक्य को चरितार्थ करते हुए हमको अच्छे कार्यकर्ताओं और समाज से व्यक्तियों का चयन करना है। बैठक में जिला संयोजक शंकर दयाल पांडे, जिला महामंत्री दिवाकर शुक्ला, पूजा पांडे, संजू तिवारी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।