इकौना नगर के अंत्येष्टि स्थल पर इंटरलॉकिंग के नाम पर शीशम व सागौन के पेड़ काटने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता आंदोलित हैं। बृहस्पतिवार को अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे श्रावस्ती विधायक ने मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मान गए।
अंत्येष्टि स्थल इकौना में सैकड़ों सागौन व शीशम के पेड़ लगे थे। आरोप है कि परिसर में इंटरलॉकिंग करा रहे ठेकेदार ने चोरी से पेड़ काट कर बेच दिया। इसे लेकर कन्हैया कसौंधन के नेतृत्व में स्थानीय व्यापारी व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर बुधवार को एसडीएम ओम प्रकाश को ज्ञापन सौंपा था। बृहस्पतिवार को तहसीलदार प्रदुम्न कुमार के साथ पहुंचे श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय ने मुआयना किया। इस दौरान उनके साथ रेंजर हरिश्चंद्र त्रिपाठी, डिप्टी रेंजर विकास वर्मा व ईओ इकौना सतीश कुमार, हरीराम गुप्ता, संजय गुप्ता, अजय सोनी, अनिल नय्यर, राम नरेश गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, दद्दन गुप्ता, ओंकार प्रसाद तिवारी भी मौजूद रहे।