हादसे के बाद रोते-बिलखते परिजन। - संवाद
इकौना। नगर पंचायत इकौना के मोहल्ला बेचूबाबा में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन चार मंजिला बिल्डिंग से एक श्रमिक नीचे गिर गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिक को साथी श्रमिकों ने आननफानन सीएचसी इकौना पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी होते ही रोते-बिलखते परिजन सीएचसी पहुंचे।
बलरामपुर जिले के ललिया क्षेत्र के जोगिया कला निवासी जगदंबा प्रसाद (40) निर्माण श्रमिक थे। वह इकौना के बेचूबाबा मोहल्ला स्थित यादव कोठी में काम कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि जगदंबा का एक हाथ चारा मशीन से कट गया था, वह एक हाथ से ही काम करते थे।
शुक्रवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान वह अनियंत्रित होकर चौथी मंजिल से गिर गए। साथ में काम कर रहे श्रमिकों ने उन्हें सीएचसी इकौना पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया, लेकिन जब तक उन्हें एंबुलेंस में बैठाया जाता, उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजन उन्हें दोबारा सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों की हर संभव मदद करेंगे
यादव कोठी के गृह स्वामी राम करन यादव ने बताया कि वह इस समय गुजरात में हैं। उन्होंने बताया कि निर्माण के लिए छह सेफ्टी बेल्ट मौजूद है, लेकिन किन्हीं कारणों से जगदंबा ने बेल्ट नहीं पहनी थी और हादसे का शिकार हो गए। उनके परिजनों की हर संभव मदद की जाएगी।