श्रावस्ती। जिले भर में बुधवार को मनचिंता पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर नदी, पोखर और तालाबों के किनारे मनचिंता देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सभी ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व पर विभिन्न स्थानों पर मेले भी लगे।
भिनगा नगर में सर्वामाई मंदिर परिसर स्थित तालाब के किनारे सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जुटने लगी। पूजन के लिए दिन भर महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष अजय आर्य ने स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरित किया।
भिनगा-सिरसिया मार्ग स्थित तीन शिवाला मंदिर के तालाब और हरिहरपुररानी क्षेत्र के पटना खरगौरा गांव में पोखराधाम शिवमंदिर के तालाब किनारे भी महिलाओं ने पूजा की। राप्ती नदी के भकला पुल के पास भी पूजन-अर्चन हुआ। इसके अलावा इकौना, गिलौला, जमुनहा, सोनवा, सिरसिया और लक्ष्मनपुर समेत अन्य क्षेत्रों में महिलाओं ने मनचिंता देवी की पूजा कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।