बाल विवाह रोकथाम के लिए भचकाही में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोग।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने के लिए रविवार को सिरसिया के भचकाही में 125 महिलाओं ने शपथ ली। इस दौरान थारु जनजाति की महिलाओं ने ग्यारह समूहों का गठन किया। इनका बैंक खाता मंगलवार को खोला जाएगा। इस दौरान बैंक, ब्लॉक व ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी मौजूद रहे।
थारु समुदाय अभी भी पारंपरिक कार्यों में लगा है। इसके चलते उनकी आय नहीं बढ़ रही है। यही नहीं उनके परंपरागत कुरीतियां भी अभी भी व्याप्त है। इसमें बाल विवाह भी एक है। इन्हीं सब कुरीतियों व बेरोजगारी को समाप्त करने के लिए रविवार को चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें डीएम के निर्देश पर ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंक, पंचायत सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
इस दौरान गांव की 125 महिलाओं ने बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाज से दूर करने की शपथ ली। इस दौरान महिलाओं ने ग्रामीण आजीविका मिशन प्रबंधक अखिलेश कुमार की देखरेख में 11 समूहों का गठन किया।
इन समूहों को प्रशिक्षण दिलवाने व इनकी हर मदद करने के लिए जगपति, रीता व सुघरी को नोडल अधिकारी बनाया गया। इस दौरान योगेंद्र मणि त्रिपाठी, इलाहाबाद बैंक हेमपुर के शाखा प्रबंधक अरविंद, एडीओ ओम प्रकाश यादव, अंजू मौर्या, मुंशी केशव राम आर्य मौजूद रहे।