अंधरपुरवा पुल के पास राप्ती नदी में महिला का शव मिलने के बाद लगी भीड़। -संवाद
इकौना (श्रावस्ती)। क्षेत्र के अंधरपुरवा पुल के पास राप्ती नदी में बृहस्पतिवार की शाम एक अज्ञात महिला का शव उतराता मिला। सैकड़ो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी अखिलेश पांडेय ने शव को नदी से बाहर निकलवाने की कवायद शुरू की। शव का चेहरा व गला कपड़े से बंधा हुआ था, इससे ग्रामीण हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।
थाना प्रभारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि बांध के नजदीक होने व राप्ती नदी का बहाव तेज होने से शव निकलवाने में दिक्कत हो रही है। शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा है। आसपास के थानों में गुमशुदगी या हत्या की आशंका संबंधी कोई भी केस दर्ज नहीं है। महिला के शरीर पर कपड़ा बंधा होने से किसी परिवार द्वारा नदी में प्रवाहित करने की संभावना है। हर पहलू की जांच की जा रही है।