तुलसीपुर (श्रावस्ती)। कथरा माफी में बृहस्पतिवार को एक महिला करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने पहुंचा पति भी गंभीर रूप से झुलस गया। गंभीर रूप से घायल दंपती को सीएचसी मल्हीपुर लाया गया। वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति का इलाज चल रहा है।
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम कथरा माफी निवासी किरन देवी (22) बृहस्पतिवार को घर के पीछे लगे टुल्लू पंप से पानी लेने गई थीं। उन्होंने जैसे ही पंप को हाथ लगाया, उसमें करंट उतरने के कारण वह बिजली की चपेट में आ गई। उन्हें बचाने पहुंच पति कुरकुट आर्य (27) भी करंट की चपेट में आ गए। बच्चों की चीख-पुकार सुन पहुंचे पड़ोसियों ने तार को बोर्ड से अलग कर दंपती को गंभीर हालत में सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुरकुट का इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बाद में परिजन शव को अपने साथ गांव लाए। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। किरन की मौत के बाद उसके दो बच्चों सहित परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है।