श्रावस्ती। मतगणना में लगे कार्मिकों के साथ शुक्रवार को कोतवाली में डीएम ने बैठक की। इस मौके पर कार्मिकों को निष्पक्ष तरीके से कार्य करने का आदेश दिया। मतगणना के दिन परिसर में बिना पास किसी भी को भी प्रवेश न करने देने के निर्देश दिए हैं। मतगणना की सुरक्षा में लगे कार्मिकों को एसपी ने निर्देश दिए।
नगर निकाय की मतगणना शनिवार को है। भिनगा नगर पालिका की मतगणना मंडी स्थल पर और इकौना नगर पंचायत की मतगणना तहसील में की जाएगी। भिनगा में लगाए गए मतगणना कार्मिकों को डीएम नेहा प्रकाश ने मतगणना कार्य को स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से करने को कहा। कहा कि व्यवस्था में लगे मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी है। इसलिए सभी प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का शालीनता से निर्वहन करें। यदि कोई भी व्यक्ति मतगणना प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करता है तो तत्काल उसके विरुद्ध कार्रवाई करें। मतगणना से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी, प्रत्याशियों व एजेंटों को प्रवेश हेतु पास जारी किया गया है।
एसपी प्राची सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे टीम भावना के साथ कार्य कर व्यवस्थित पूर्ण ढंग से मतगणना को सम्पन्न कराएं। उन्होंने बताया कि मतगणना को व्यवस्थापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद भिनगा में दो बैरियर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इसी प्रकार नगर पंचायत इकौना के मतगणना स्थल तहसील कार्यालय पर दो बैरियर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। दोनों मतगणना स्थलों पर पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों स्थानों पर निरीक्षक, उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, महिला आरक्षी के अलावा पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। दोनों स्थानों पर फायर यूनिट की व्यवस्था के साथ टीजी स्क्वायड की टीमें लगाई गईं हैं। इस मौके पर एसडीएम भिनगा डीएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।