सिसवा प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को स्कूल बैग प्रदान करतीं डीएम।
श्रावस्ती। प्राथमिक विद्यालय सिसवा में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का कार्यक्रम हुआ। इसमें शिक्षकों को चिकित्सा कार्ड बांटे गए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी की छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। पहली बार विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री दी गई। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग, सीडीओ शाहिद अहमद, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील तिवारी, बीएसए आकांक्षा रावत और डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डीएम ने नए विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और स्कूल बैग व किताबें भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने सर्वाधिक नामांकन कराने वाले पांच शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र दिए। 10 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत चिकित्सा कार्ड भी दिए गए। इन कार्डों से पांच लाख रुपये का निशुल्क इलाज हो सकेगा।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय कार्यक्रम में देश में नौवां और प्रदेश में पहला स्थान मिला। डीएम ने बालिकाओं को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय ने किया। इकौना तहसील सभागार में विधायक रामफेरन पांडेय ने शिक्षकों को चिकित्सा कार्ड बांटे। इस मौके पर एसडीएम पीयूष जायसवाल और महेश मिश्रा भी मौजूद रहे।