श्रावस्ती। सिरसिया पुलिस ने रविवार रात आसमान सिंह टिटिहिरिया गांव के निकट नहर पुल के पास हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल एक टॉप टेन हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चोरी के मामले में वांछित था। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को सीएचसी सिरसिया में भर्ती कराया। उसका दूसरा साथी राजेंद्र फायर करते हुए मौके से भाग निकलने में सफल रहा।
सिरसिया थाने के प्रभारी निरीक्षक रविवार देर रात गश्त से वापस लौट रहे थे। इस बीच सूचना मिली कि कुछ लोग थाना क्षेत्र के जमुनी कला गांव में चोरी की योजना बना रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ संदिग्धों को आसमान सिंह टिटिहिरिया गांव के निकट नहर पुल के पास घेर लिया। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से हुई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बदमाश की पहचान भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हल्लाजोत के मजरा बाबूपुरवा निवासी हसन अली पुत्र बच्छन के रूप में हुई। उसके बाएं पैर में गोली लगी थी। एएसपी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार हसन अली के खिलाफ भिनगा कोतवाली, सिरसिया व इकौना में बीस आपराधिक वाद दर्ज हैं। संवाद