बभनपुरवा गांव में टूटा खंभा। -संवाद
गिरंट बाजार/जमुनहा। जमुनहा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बदहाल है। कहीं खंभा गिरा पड़ा है, तो कहीं तार ही टूटकर गिर गए हैं। इससे क्षेत्रवासियों को काफी दिक्कत हो रही है।
ग्राम बभनपुरवा के करीब 15 घरों में तीन दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली का खंभा गिर गया है। इसकी जानकारी उपभोक्ताओं ने विद्युत कर्मी को दी, लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। उधर, बदला चौराहे पर शनिवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया। गनीमत रही कि कोई करंट की चपेट में नहीं आया।
इसी तरह ग्राम पटना के मजरा ऐंठा पुरवा में करीब एक वर्ष से हाईटेंशन लाइन का तार ढीला होकर लटक रहा है। ग्रामीणों ने बांस-बल्ली के सहारे किसी तरह तार को ऊपर किया है, लेकिन विभाग की ओर से कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीण आकाश यादव, साबित राम, बित्तन व ओम प्रकाश आदि ने तार दुरुस्त कराने की मांग की है। जेई विवेक कुशवाहा ने बताया कि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा।